रामपुर बुशहर। रामपुर उपमंडल के तहत ब्रौनी खड्ड में सोमवार रात को पुलिस ने एक युवक से 7.57 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस थाना झाकड़ी से मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार रात को हैड कांस्टेबल संजीव कुमार की अगुवाई में पुलिस का दल ने ब्रौनी खड्ड में नाका लगाया था। इसी बीच रात करीब 10:35 बजे यहां से गुजर रहे अमर शर्मा निवासी खनेरी, तहसील रामपुर को पुलिस ने शक के आधार पर रोका और पूछताछ की।
शक होने पर पुलिस ने उसकी तलाशी ली और उससे 7.57 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
डीएसपी रामपुर चंद्रशेखर कायथ ने कहा कि युवक से चिट्टा बरामद किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। अवैध नशे में संलिप्त लोगों को पुलिस किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी।