सैदनगर (रामपुर)। अजीमनगर थाना क्षेत्र के दिलपुरा गांव में सोमवार सुबह प्रेमी से शादी की जिद में युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। सुबह करीब सात बजे युवती को टावर पर चढ़ा देखकर गांव में खलबली मच गई। परिजनों ने उसे नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन वह प्रेमी से शादी कराने की मांग पर अड़ी रही।
सूचना पर अजीमनगर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने युवती से नीचे उतरने के लिए कहा, लेकिन वह अपनी जिद पर कायम रही। पुलिस ने युवती के प्रेमी को भी मौके पर बुलाया। इसके बाद पुलिस और परिजनों ने उसे काफी देर तक समझाया। युवती का कहना था कि वह प्रेमी से शादी करना चाहती है। परिजनों की ओर से शादी के लिए तैयार होने का आश्वासन मिलने के बाद वह नीचे उतरने को राजी हुई।
करीब दो घंटे बाद युवती टावर से नीचे उतरी। इसके बाद पुलिस और परिजनों ने राहत की सांस ली। इस दौरान टावर के आसपास ग्रामीणों की भीड़ जमा रही। सुबह सात बजे से करीब दो घंटे तक गांव में इसी मामले को लेकर हंगामा चलता रहा। युवती के नीचे उतरने के बाद मामला शांत हुआ।
थाना प्रभारी दया शंकर ने बताया कि युवती प्रेमी से शादी की जिद में टावर पर चढ़ी थी। सीओ पंकज पंत ने बताया कि युवती को समझाने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।