शाहबाद (रामपुर)। मंगोली के पास सोमवार दोपहर पीछे से आ रही बाइक की टक्कर से आगे चल रही बाइक सवार महिला मीना (45) सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। सिर के बल गिरने से महिला के सिर में गंभीर चोट आई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
बरेली के मीरगंज क्षेत्र के बाबर नगर निवासी साबिर की पत्नी मीना सोमवार को अपने बेटे इमरान के साथ बाइक से मुरादाबाद के कुंदरकी स्थित अपनी बेटी के घर जा रही थीं। इमरान के मुताबिक दोपहर करीब तीन बजे उनकी बाइक शाहबाद क्षेत्र में मंगोली के पास पहुंची थी। इसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मीना सड़क पर सिर के बल गिर गईं।
हादसे के बाद खून से लथपथ मां को देखकर बेटे के होश उड़ गए। मौके पर जुटे लोगों ने एंबुलेंस की मदद से महिला को सीएचसी पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इमरान ने हादसे की सूचना मीरगंज में अपने परिजनों और कुंदरकी में बहन के परिवार को दी। सूचना मिलते ही परिजन बिलखते हुए सीएचसी पहुंच गए।
पुलिस ने परिजनों से शव के पोस्टमार्टम के संबंध में जानकारी ली, लेकिन खबर लिखे जाने तक परिजनों की ओर से कोई स्पष्ट निर्णय नहीं बताया गया था। मीना अपने पीछे तीन बेटे और तीन बेटियां छोड़ गई हैं।