रामपुर के टांडा में शादी समारोह से घर वापस लौट रहे एक बाइक पर सवार तीन लोगों को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि, दो लोग गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
जानकारी के अनुसार, मृतक युवक टांडा थाना क्षेत्र के मुंडी मिलक निवासी हरिराम (19) टाइल्स लगाने का काम करता था। शनिवार को हरिराम अपने दोस्त बंटी और उबैस के साथ टांडा में एक शादी समारोह में शामिल होने आया था। देर रात को तीनों एक बाइक पर ही सवार होकर घर वापस जा रहे थे। बाइक हरिराम चला रहा था।
रास्ते मे टांडा-बाजपुर मार्ग पर पीछे से आए एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों सड़क पर ही गिर गए। इस दौरान हरिराम की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, उबैस और बंटी गंभीर रूप से हैं। हादसे की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वही, हादसे में घायल लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार हरिराम हेलमेट पहनी हुई थी। मामले में पुलिस की जांच जारी है।