शाहबाद। शाहबाद थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस दौरान युवक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को जिला अस्पताल भेज दिया है।
ढकिया चौकी क्षेत्र के रवानी पट्टी जवाहर निवासी अजयपाल (25) की शादी तीन साल पहले जनपद बदायूं के थाना फैजगंज क्षेत्र के डरेला निवासी प्रीति से हुई थी। पांच माह पहले अजयपाल की पत्नी प्रीति की मौत हो गई थी। प्रीति की मौत के बाद उसके भाई ने परिवार पर दहेज हत्या का मामला दर्ज करा दिया था। आरोप है कि जिसके बाद अजयपाल की ससुराल के लोग दुश्मनी मानने लगे थे। अजयपाल के भाई संजय के अनुसार नौ जून को ससुराल के लोग रवानी पट्टी गांव से अजयपाल को बुलाकर जंगल मे ले गए थे। आरोप है कि अजयपाल कि ससुराल वालों ने अजयपाल पर जानलेवा हमला कर दिया था और लाठी-डंडों से जमकर पीटा था। अजयपाल को ससुराल के लोग मरा हुआ समझकर छोड़ कर चले गए थे। जिस पर घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने रामपुर रेफर किया था। वहां से परिजन मेरठ ले गए थे। लेकिन,शुक्रवार देर रात को परिजन मेरठ से दिल्ली ले जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में ही अजयपाल की मौत हो गई। इससे परिवार में कोहराम मच गया। परिवार के सभी लोग मृतक अजयपाल का शव शाहबाद कोतवाली लेकर पहुंचे। जहां पर उन्होंने अजयपाल के ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। एसएसआई राकेश कुमार ने बताया कि संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत हुई है। उन्हें शव का पीएम कराने की तहरीर मिली है। जिसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए भेज दिया है।