दुकान में सो रहे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जानकारी तब हुई जब सुबह उसका भाई दुकान पर पहुंचा। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। परिजनों का आरोप है कि युवक की हत्या की गई है। मामले में गांव के ही दो लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है। इधर, शव के पास से शराब के दो खाली क्वार्टर मिले हैं।
कोतवाली क्षेत्र के केसरपुर गांव निवासी प्रताप की शाहबाद बिलारी मार्ग पर चौधराना के समीप दुकानें हैं। इन दुकानों में ही रविवार की रात उसका 20 वर्षीय बेटा बृजपाल सोने गया था। सोमवार तड़के जब उसका चचेरा भाई हरी सिंह उसे उठाने गया तो वह मृत मिला। भाई को मृत देख उसने घटना की जानकारी परिजनों को दी। इस पर परिजन भी दुकानों पर पहुंच गए, जहां पर प्रताप ने अपने बेटे की हत्या की बात कह पुलिस को सूचना दी। इस पर कोतवाल आरपी सिंह भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक मृतक के शरीर पर कोई भी चोट का निशान नहीं है। पुलिस को मौके से पलंग के पास से शराब के खाली क्वार्टर मिले हैं। वहीं परिजनों का आरोप है कि बृजपाल की गांव के ही दो लोगों ने हत्या की है। फिलहाल परिजनों ने पुलिस को तहरीर दे दी है लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। पुलिस के अनुसार मौत की वजह पीएम रिपोर्ट से ही साफ हो पाएगी।