बिलासपुर (रामपुर)। मां पूर्णागिरि के दर्शन को बाइक से जा रहे क्षेत्र के दो बाइक सवार युवक सड़क हादसे में घायल हो गए। उनकी बाइक को एक बस के चालक ने टक्कर मार दी थी। बाद में एक युवक की मौत हो गई। युवक की मौत से उसके घर में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है।
नगर के मोहल्ला साहूकारा निवासी हरीश कुमार रस्तोगी ट्रक ड्राइवर हैं। हरीश रस्तोगी के अनुसार उनके दो पुत्र अंशु रस्तोगी (22) तथा लक्की रस्तोगी (18) शुक्रवार की शाम बाइक से मां पूर्णागिरि के दर्शन को गए थे। उत्तराखंड के जनपद उधम सिंह नगर के नानकमत्ता के समीप एक बस के चालक ने रात करीब साढ़े नौ बजे उनके पुत्र की बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के कारण उनके दोनों पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ ही देर में मौके पर पुलिस भी पहुंच गई और पुलिस ने दोनों घायलों को एक अस्पताल भेज दिया जहां चिकित्सकों ने लक्की को मृत घोषित कर दिया। बाइक अंशु रस्तोगी चला रहा था, जबकि लक्की पीछे बैठा हुआ था। पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दी। लक्की की मौत की खबर से पूरे घर में कोहराम मच गया। परिजन तुरंत ही नानकमत्ता के लिए रात में ही रवाना हो गए। परिजनों का कहना है लक्की एक दुकान पर काम करता था। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। ट्रक चालक के पुत्र अमन ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ नानकमत्ता थाने में रिपोर्ट लिखाई है।