भोट (रामपुर)। छह माह से वेतन न मिलने पर हड़ताल पर गए हाईवे चौड़ीकरण का कार्य कर रहे करीब पौने दो सौ कर्मचारी शुक्रवार को एक माह का वेतन मिलने व बाकी वेतन के जल्दी ही मिलने के आश्वासन पर काम पर लौट आए। कर्मचारियों के काम पर लौटने से दो दिन से ठप पड़ा हाईवे चौड़ीकरण का काम रविवार सुबह से शुरू हो गया।
रामपुर से काठगोदाम तक हाईवे चौड़ीकरण का कार्य एनएचएआई (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) की कार्यदायी संस्था सद्भाव इंजीनियरिंग लिमिटेड की ओर से कराया जा रहा है। शुक्रवार को कंपनी के कर्मचारियों से छह माह का वेतन न देने का आरोप लगाते हुए कंपनी के खूंटाखेड़ा स्थित प्लांट के बैरियर को गिराकर ताला लगा दिया था तथा प्रोजक्ट मैनेजर को घेराव कर हड़ताल पर चले गए थे। प्रोजक्ट मैनेजर के समझाने पर भी कर्मचारियों ने पिछले छह माह का वेतन मिले बगैर हाईवे चौड़ीकरण का काम करने से साफ इंकार कर दिया था। वहीं, शनिवार को भी प्रोजक्ट मैनेजर ने हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों को समझाते हुए चार कर्मचारियों का वेतन उनके खाते में जमा किए जाने की जानकारी देते हुए बाकी सभी कर्मचारियों को वेतन भी जल्दी ही खाते में जमा कराए जाने का आश्वासन देते हुए हाईवे चौड़ीकरण के कार्य में सहयोग करने को कहा था। लेकिन, गुस्साए कर्मचारियों ने दो टूक कह दिया तथा कि जब तक पुराना वेतन नहीं, तब तक काम नहीं। इस दौरान कंपनी के करीब पौने दो सौ कर्मचारियों के हाइवे चौड़ीकरण के काम को रोक कर हड़ताल पर बैठने पर प्रोजक्ट मैनेजर ने मामले की रिपोर्ट मैनेजमेंट को भेजते हुए कर्मचारियों को वेतन जारी करने का अनुरोध किया था। वहीं, शनिवार देर रात मैनजमेंट द्वारा कंपनी के सभी कर्मचारियों के खाते में एक माह का वेतन जमा करा दिया। रविवार सुबह प्रोजक्ट मैनेजर पार्थो सासमल ने सभी कर्मचारियों को एक माह का वेतन जारी करने की जानकारी हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों को दी और आश्वासन दिया कि बाकी बकाया वेतन की धनराशि भी जल्दी ही कर्मचारियों के खाते में डाल दी जाएगी। एक माह का वेतन जारी किए जाने व बकाया वेतन का भुगतान भी जल्दी ही किए जाने के आश्वासन पर हड़ताल पर बैठे सभी कर्मचारियों पर खुशी की लहर दौड़ गई। सभी कर्मचारी हड़ताल खत्म कर काम पर लौट गए व कर्मचारियों की हड़ताल के कारण दो दिन से ठप पर हाईवे चौड़ीकरण का कार्य रविवार सुबह से शुरू हो गया।