रामपुर। दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर कोसी नदी पर बने पुल पर कार्य धीमी गति से चल रहा है। वन-वे हुए पुल पर रोज जाम की स्थिति पैदा हो रही है। इससे यात्रियों को आवागमन में परेशानी हो रही है। पुल की एक लेन धंस जाने के कारण इसे 22 दिसंबर को वन-वे किया गया था। 24 दिन बीतने के बाद भी एनएचएआई अभी तक यहां काम मुकम्मल नहीं कर सका है।
पुल पर केवल सड़क धंसने की बात ही नहीं बल्कि ज्वाइंटर भी खतरनाक हो गए हैं। पुल पर हल्के वाहन भी उछलते हैं। पुल की पूरी सड़क क्षतिग्रस्त हो चुकी है। गहरे गड्ढे भी हैं। ऐसे में पुल की पूरी सड़क पर मरम्मत की जरूरत है। पुल की दूसरी लेन ब्लॉक होने से बरेली से मुरादाबाद की तरफ जाने वाले वाहन भी विपरीत दिशा से निकल रहे हैं। इन वाहनों में बाइक सवार, थ्री-व्हीलर और ट्रैक्टर-ट्रॉली से लेकर भारी वाहन हैं। वन-वे होने के बाद पुल पर इन वाहनों को ओवरटेक करना जान जोखिम में डालने वाला है।
बड़ी बात यह भी है कि हाईवे पर कोसी नदी के पुल के प्रारंभ में ही हॉट स्पॉट है, जहां अंडरपास निर्माणाधीन है। इसलिए यहां बीच मार्ग पर डिवाइडर तोड़कर बड़े-बड़े टुकड़े डालकर वाहनों को दाएं-बाएं से निकाला जा रहा है, जहां गड्ढे भी गहरे हैं। यहां पर गड्ढे होने से भारी वाहन हिचकोले खाते हुए हॉट स्पॉट पार करते हैं।
सर्विस लेन पर गड्ढे
रामपुर जीरो प्वाइंट पर करीब डेढ़-दो साल से अंडरपास निर्माणाधीन है। इस निर्माणाधीन अंडरपास के पास सिंगल सर्विस लेन है, जिस पर गहरे गड्ढे हैं। इसलिए रामपुर शहर के लिए हाईवे से उतरना जोखिम भरा है।
लोग बोले, एनएचएआई के अधिकारी ध्यान नहीं देते
ट्रक पर सरकारी राशन लेकर केमरी से आगापुर जा रहे सलीम हाईवे पर रामपुर जीरो प्वाइंट पर रास्ता भटक गए थे। ट्रक किनारे लगाकर वह रास्ता पूछ रहे थे। इसी दौरान बातचीत में उन्होंने कहा कि कोसी पुल का सफर बहुत ही खतरनाक है। एनएचएआई वालों को ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुल पर हाईवे वन-वे हुए लगभग महीना भर हो गया है और निकट दिनों में यातायात सामान्य हो पाए, ऐसी उम्मीद भी उन्हें नहीं है। कारण बताया कि मरम्मत कार्य बहुत धीमी गति से चल रहा है। वहीं, ऑटो चालक दीपक ने भी सड़क मरम्मत के काम में देरी पर नाराजगी जाहिर की।
पुल पर अभी 10 दिन और रहेगा गतिरोध
हाल ही में डाली गई स्लैब के पास मिले कल्बे हरी ने बताया कि वह न्यामतपुर इक्टोरिया में रहते हैं। वह ठेकेदार के पेटी डीलर हैं। कहा, एक सप्ताह पहले लिंटर पड़ गया था और आठ से 10 दिन में इस पर यातायात बहाल हो जाएगा। उन्होंने बताया कि पुल के नीचे बैरिंग खराब हो गए थे। इस कारण पुल की सड़क धंस गई थी।
वर्जन
पुल को क्षतिग्रस्त होने से बचाना है। हम बहुत जल्दी ही मरम्मत कार्य पूरा कराकर आवागमन बहाल करा देंगे।
-अरविंद कुमार, परियोजना निदेशक, एनएचएआई, मुरादाबाद परिक्षेत्र