नैनीताल हाईवे पर दिनदहाड़े बाइक सवार लकड़ी कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार हमलावर भाग निकले। हाईवे पर हत्या होने से पुलिस में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हत्या की वजह साफ नही हो पाई है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
लकड़ी कारोबारी की गोली मारकर हत्या करने का मामला भोट थाना क्षेत्र के गांव कोयली से जुड़ा है। शहर कोतवाली क्षेत्र के बेरियान निवासी मुन्ना खां के बेटे फैसल (28) की भोट थाना क्षेत्र के गांव कोयली में चिपड़ की फैक्ट्री है। वह मंगलवार को अपनी फैक्ट्री गया हुआ था। दोपहर के समय मशीन का ब्लेड सही कराने के लिए सौरभ नाम के एक युवक के साथ बाइक से बिलासपुर गेट आया था। काम होने के बाद दोनों बाइक से फैक्ट्री वापस जा रहे थे।
फैक्ट्री से कुछ दूरी पर पीछे से आई एक बाइक पर सवार दो युवकों ने फैसल के ऊपर तमंचे से गोली चला दी, जो फैसल के सिर में जाकर लगी। गोली लगते ही फैसल और सौरभ सड़क पर गिर गए। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से भाग निकले। गोली की आवाज पर आसपास के लोग जुट गए। फैसल को तुरंत अस्पताल ले गए। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फैसल की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी मिलने के बाद एएसपी मोहम्मद तारिक, सीओ केमरी व एसओ भोट मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल का जायजा लिया। फैसल के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली हैएएसपी मोहम्मद तारिक ने बताया कि भोट थाना क्षेत्र में युवक की गोली मारकर हत्या कर नदी है। मामले की जांच की जा रही है।