रामपुर। अक्षय तृतीया के दिन शुक्रवार को शहर के सराफा बाजार गुलजार रहे। खासकर आभूषण और कपड़ा बाजार में काफी तेजी रही। वहीं सोने व चांदी के जेवर खरीदने को लेकर महिलाओं में काफी उत्सुकता दिखी। ज्यादातर लोगों ने सोने-चांदी के बने गहने, बर्तन और सिक्के खरीदे।
अक्षय तृतीया पर सराफ का करोड़ों का कारोबार हुआ। इस बार जनपद में शहनाई की गूंज नहीं सुनाई दी। अक्षय तृतीया पर शहर का सराफा बाजार समेत अन्य क्षेत्रों की ज्वेलरी की दुकानों में खरीदारों की भीड़ देखने को मिली। बाजार में हर उम्र की महिलाएं एवं युवतियाें ने ज्वैलरी की दुकानों में पहुंचकर मनपसंद गहनों की खरीदारी की। सराफा व्यवसायी तरनदीप सिंह ग्रोवर ने बताया कि अक्षय तृतीया पर महिलाओं की पसंद के हिसाब से नए डिजाइन के गहने और ज्वैलरी मंगाई गई थी। सराफा व्यवसायी पारितोष ने बताया कि बाजार में खरीदारी हो रही है। सुबह मुहूर्त के हिसाब से लोगों ने खरीदारी भी की। दिन भर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। इधर, वाहन बाजार में भी लगातार बुकिंग चलती रही। बताया जा रहा है कि इस दिन सबसे अधिक बाइकों की बिक्री हुई है। प्रति एजेंसी पर 15-20 दोपहिया वाहन खरीदे गए हैं। सरदार निर्मल सिंह ने बताया कि अक्षय तृतीया पर वाहनों की खरीदारी लाेगों ने की है। इसके अलावा बुकिंग भी कराई गई है। तुषार मंगलम ने बताया कि वाहनों की बिक्री अच्छी है।
शुभ माना जाता है सोना खरीदना
अक्षय तृतीया के दिन लोग गहने, जेवरात, गाड़ी मकान, इलेक्ट्रानिक आइटम की खरीदारी करते हैं। जिसमें सोने की खरीद काफी शुभ मानी जाती है। पंडित नरेंद्र मिश्रा ने बताया कि अक्षय तृतीया के दिन सोना खरीदने से घर में सुख-समृद्धि रहती है।