रामपुर। कचहरी परिसर में मंगलवार को केस की सुनवाई के लिए पहुंची एक महिला ने अपनी मां के साथ मिलकर पति को दौड़ा-दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया। अचानक हुए विवाद से परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मौके पर पहुंचीं महिला पुलिसकर्मियों ने दोनों महिलाओं को रोकने और बीचबचाव की कोशिश की, लेकिन वे नहीं मानीं। काफी देर तक हंगामा चलता रहा। इसी दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
बताया जाता है कि पति-पत्नी के बीच किसी मामले को लेकर विवाद चल रहा है। मंगलवार को दोनों पक्ष कचहरी परिसर में केस की सुनवाई के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान महिला का पति से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया।
महिला ने अपनी मां के साथ मिलकर पति पर हमला कर दिया। दोनों महिलाओं ने युवक को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। युवक खुद को बचाने के लिए वहां से भागने लगा तो महिलाओं ने उसका पीछा कर उसे फिर पकड़ लिया और मारपीट की।
युवक के साथ मारपीट होते देख आसपास मौजूद लोग भी मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर महिला पुलिसकर्मी वहां पहुंचीं और दोनों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिसकर्मियों के सामने भी दोनों महिलाएं युवक की पिटाई करती रहीं। काफी प्रयास के बाद युवक किसी तरह महिलाओं से बचकर वहां से निकल गया। इस दौरान कचहरी परिसर में काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। वीडियो में महिला और उसकी मां युवक के साथ मारपीट करती नजर आ रही हैं, जबकि आसपास मौजूद लोग और महिला पुलिसकर्मी बीचबचाव का प्रयास करते दिखाई दे रहे हैं। सीओ सिटी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की कोई शिकायत नहीं हुई है। यदि कोई शिकायत करता है तो कार्रवाई की जाएगी।