रामपुर। शहर की एक महिला ने प्लॉट को लेकर चली आ रही रंजिश में कुछ लोगों ने प्लॉट की दीवार तोड़ने और जानलेवा हमला करने का आरोप लगाते हुए एसपी से शिकायत की। एसपी के आदेश पर शहर कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
शहर कोतवाली के स्टेट बैंक के पीछे की निवासी तारिक अजहर की पत्नी सनम खान की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी में कहा कि उसने कुछ माह पहले एक प्लॉट लिया था, जिस कारण मोहल्ले के ही बिलाल आगा और सफदर आगा आदि रंजिश मानने लगे। करीब पांच माह पहले उन्होंने प्लॉट की दीवारें तोड़ दी थीं। दर्ज कराई गई प्राथमिकी में सनम खां ने कहा कि उसने इसकी शिकायत पुलिस से की तो वह और भी खुन्नस मानने लगे। पिछले दिनों वह लोग कुछ लोगों के साथ पहुंचे और प्लाॅट की दीवार तोड़ने लगे।
जानकारी होने पर सनम खां ने मौके पर जाकर विरोध किया तो सभी हमलावर हो गए। आरोप है कि सभी ने उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी और सिर पर लोहे की राॅड से वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गई। एसपी से सनम ने शिकायत की।
एसपी के आदेश पर शहर कोतवाली में सफदर आगा, बिलाल आगा, लखनऊ निवासी मोहम्मद सादिक व छह अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शहर कोतवाल प्रदीप मलिक के अनुसार मामले की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।