चुनाव में खपत के लिये हरियाणा से पत्तागोभी में ढक कर लाई गई 20 पेटी अंग्रेजी शराब से भरा पिकअप आबकारी विभाग ने पकड़ लिया। जबकि ट्रक में सवार लोग फरार हो गये।
सोमवार की रात्रि आबकारी विभाग को सूचना मिली कि उत्तराखंड के बाजपुर की ओर से हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब पत्ता गोभी से भरे पिकअप से लाई जा रही है। जिसपर आबकारी विभाग की टीम वाहन की तलाश में जुट गई। इस दौरान टीम को स्वार-रामपुर मार्ग स्थित गांव समोदिया के पेट्रोल पंप के पास पत्तागोभी के बोरों से लदा पिकअप दिखाई दिया। लेकिन आबकारी विभाग की टीम देखकर वाहन में सवार लोग भाग निकले।
इसके बाद टीम ने जब पत्तागोभी की बोरियों को हटाकर देखा तो नीचे अंग्रेजी शराब की बीस पेटियां मिलीं। आबकारी निरीक्षक गोपाल श्रीवास्तव ने बताया कि पत्ता गोभी से लदे वाहन से बीस पेटी हरियाणा मार्का अवैध शराब बरामद हुई है, जो कि चुनाव में खपत करने के लिये लाई गई थी। रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।