दूसरी शादी से नाराज एक युवक ने अपनी पत्नी को घर में घुसकर फावड़े से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। महिला की मौत के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आरोपी पूर्व पति के खिलाफ मामले की रिपोर्ट दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। घटना के बाद से हमलावर युवक मौके से फरार हो गया।
मामला सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के अजीतपुर गांव का है। अजीतपुर में मीनू पत्नी गंगाराम पर बुधवार की सुबह करीब दस बजे गांव में ही रहने वाले एक युवक ने घर में घुसकर फावड़े व अन्य धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमलावर ने महिला के सिर पर वार किया,जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हमलावर महिला को मरणासन्न हालत में ही मौके पर छोड़ गया।
महिला की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख युवक मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल मीनू को परिवार के लोग जिला अस्पताल लेकर पहुंचे,जहां डाक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे मुरादाबाद रेफर कर दिया,लेकिन कुछ दोपहर बाद मीनू ने दम तोड़ दिया।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले की रिपोर्ट महिला के पति गंगाराम की ओर से अजीतपुर निवासी ओमप्रकाश के खिलाफ दर्ज कराई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। मीनू की हत्या के पीछे उसके पहले पति का नाम सामने आया है। देर शाम पूर्व पति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।