रामपुर। राम-रहीम पुल की मरम्मत के चलते पहले से परेशान लोगों की मुश्किलें बारिश के बाद और बढ़ गई हैं। बुधवार तड़के हुई बारिश से वैकल्पिक मार्गों पर जलभराव और कीचड़ की स्थिति बन गई। दोनों रास्ते कीचड़ में तब्दील हो गए, जिससे बाइक चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। फिसलन के कारण कई बाइक सवार गिर गए। कई जगहों पर कच्चा रास्ता होने से वाहन चालकों को दिक्कत हुई।
राम-रहीम सेतु की मरम्मत का कार्य चल रहा है और पुल एक सप्ताह से हल्के व भारी वाहनों के लिए बंद है। सिविल लाइंस से ज्वाला नगर और शाहबाद जाने के लिए पनवड़िया, आगापुर और मालगोदाम-शिवापुरम मार्ग वैकल्पिक रूप से उपयोग में हैं, लेकिन सभी रास्तों की हालत खराब है।
-
अंडरपास में फिर जलभराव
मालगोदाम अंडरपास में सफाई के बाद फिर पानी भर गया। इंटरलॉकिंग न होने से रास्ता खराब हो गया और मलबा कीचड़ में बदल गया। करीब एक फुट पानी भरने से लोग जोखिम उठाकर गुजरने को मजबूर हैं। फिसलन के कारण बाइक सवार गिर रहे हैं।
आगापुर मार्ग पर कीचड़
सीआरपीएफ आगापुर मार्ग पर भी पानी भरने से कीचड़ हो गया है। यहां महिलाओं को लेकर जा रहे दो बाइक सवार फिसलकर गिर गए। लोग जोखिम उठाकर आवागमन कर रहे हैं।
पनवड़िया और सीआरपीएफ क्रॉसिंग पर जाम
रामपुर। पनवड़िया और सीआरपीएफ क्रॉसिंग पर बुधवार को कई घंटे जाम लगा रहा। सुबह और दोपहर में कई ट्रेनों के गुजरने से लोग लंबे समय तक फंसे रहे।
0000000000
राम-रहीम सेतु की मरम्मत का कार्य तेजी से जारी है और रात में भी काम हो रहा है। अब तक कई ज्वाइंट बदले जा चुके हैं। -राजेंद्र सिंह, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग