रामपुर। तेज हवा और बारिश से बिजली व्यवस्था चरमरा गई। कई स्थानों पर पेड़ गिरने से बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे शहर और देहात के कई इलाकों में रातभर बिजली गुल रही। उपभोक्ताओं को अंधेरे में रात बितानी पड़ी और लोग आपूर्ति बहाल कराने के लिए अधिकारियों से संपर्क करते रहे।
सिविल लाइंस क्षेत्र में एचटी लाइन पर पेड़ गिरने से आधे से ज्यादा शहर की बिजली प्रभावित रही। डूंगरपुर, किला और रजा बिजलीघर क्षेत्र में आपूर्ति पूरी तरह ठप रही। बारिश रुकने के बाद बिजली विभाग की टीम ने फाल्ट तलाश कर मरम्मत शुरू की।
कर्मचारियों ने पेड़ हटाकर क्षतिग्रस्त तारों को दुरुस्त किया, जिसके बाद देर रात तक आपूर्ति बहाल हो सकी। डूंगरपुर, जेल रोड, डिग्री कॉलेज, कटरा जलालद्दीन, मस्जिद लाल कबर समेत कई क्षेत्रों में लंबे समय तक अंधेरा रहा। शाहबाद गेट क्षेत्र में बुधवार सुबह नौ बजे के बाद भी करीब छह घंटे आपूर्ति बाधित रही।
एसडीओ एमवी सिंह ने बताया कि तेज हवा के कारण बिजली लाइनों पर पेड़ गिरने से आपूर्ति प्रभावित हुई थी, जिसे मरम्मत के बाद सुचारु कर दिया गया।
-
-
35 गांवों में 15 घंटे ठप रही आपूर्ति
दढ़ियाल। मंगलवार शाम आई तेज हवा और बारिश के कारण करीब 15 घंटे तक 35 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप रही। पेड़ गिरने से तार क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे अकबराबाद, रामपुर धम्मन, कुंडेसरा, कुंडेश्वरी, चौखंडी, जमाल गंज, तेलीपुरा समेत कई गांव प्रभावित रहे। बिजली न होने से लोग रातभर अंधेरे में रहे और पेयजल संकट भी बना रहा। जेई भूपेंद्र शर्मा ने बताया कि तेज आंधी-बारिश के कारण लाइनों पर पेड़ गिरने से आपूर्ति बंद करनी पड़ी। मरम्मत कार्य जारी है। संवाद
0000000000000000000
रातभर बिजली गुल रहने से घरों में बेहद परेशानी रही। छोटे बच्चे और बुजुर्ग गर्मी में सो नहीं सके। कई बार बिजलीघर फोन किया लेकिन सही जानकारी नहीं मिली। विभाग को आपात स्थिति में त्वरित सूचना व्यवस्था बनानी चाहिए। -सुनील
-
तेज हवा के बाद घंटों बिजली नहीं आई जिससे घर का पूरा काम प्रभावित हुआ। मोबाइल तक चार्ज नहीं हो सके। बिजली विभाग की टीम देर से पहुंची। ऐसी स्थिति में विभाग को पहले से तैयारी रखनी चाहिए। - श्याम सिंह
-
बारिश के बाद पूरी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी। इन्वर्टर भी जवाब दे गया था। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई और गर्मी के कारण सभी परेशान रहे। बिजली व्यवस्था इतनी जल्दी नहीं बिगड़नी चाहिए। - शिवम
हर बार मौसम खराब होते ही बिजली चली जाती है। विभाग को पुराने तार और जर्जर लाइनों को समय रहते बदलना चाहिए। अगर व्यवस्था मजबूत होगी तो लोगों को बार-बार परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। -रबी