रामपुर। शहर के तीतर वाली पाखड़ क्षेत्र का ट्यूबवेल खराब होने की वजह से पेयजल संकट गहरा गया है। लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं। कई बार शिकायत करने के बाद भी जब समस्या का समाधान नहीं हो सका, तो लोगों ने अपर जिलाधिकारी प्रशासन से शिकायत की। उन्होंने पेयजल की समस्या दूर करने की मांग की है।
रविवार को क्षेत्रीय बाशिंदे सोशल एक्टिविस्ट फैसल खां लाला के नेतृत्व में अपर जिलाधिकारी प्रशासन जगदम्बा प्रसाद गुप्ता से मिले। उन्होंने कहा कि मुहल्ला तीतर वाली पाखड़ क्षेत्र में पानी की किल्लत है। ट्यूबवेल खराब होने की वजह से लंबे समय से लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। इस बाबत कई बार नगर पालिका के जलकल अभियंता से शिकायत की, लेकिन इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो सका। ऐसे में भीषण गर्मी में लोग बूंद-बूंद पेयजल के लिए परेशान हैं। उन्होंने समस्या का निस्तारण कराने की मांग की है। इस मौके पर शमशाद खां, इरफान, अलीम, वसीम, अतहर, आरिश, रेहान, अफीजा आदि उपस्थित रहे। उधर, जलकल अभियंता पीसी आर्य ने बताया कि क्षेत्र का ट्यूबवेल खराब हो गया है। क्योंकि, क्षेत्र में सबसे बड़ी दिक्कत यह है कि बोरिंग फेल हो गया। ट्यूबवेल का रिबोर कराने के लिए जल निगम को जानकारी दे दी गई है। जल्द ही समस्या का निस्तारण हो जाएगा।