दढ़ियाल (रामपुर)। स्टोन क्रशर के ठेकेदार से दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने एक लाख रुपये लूट लिए, लेकिन पुलिस ने मामले को आपसी मारपीट का बताते हुए एनसीआर दर्ज कर ली है। टांडा कोतवाल का दावा है कि मामला मारपीट का है, लूट की घटना नहीं हुई है। क्षेत्र के ग्राम रामपुर धम्मन निवासी अमीन उर्फ यामीन के अनुसार वह माझा फार्म स्थित बरार स्टोन क्रशर पर लेबर ठेकेदार हैं। शनिवार की देर शाम करीब आठ बजे वह अपने गांव के साथी अफरीक हुसैन के साथ क्रशर से मजदूरों का हिसाब कर एक लाख सात सौ तीस रुपये की रकम लेकर घर लौट रहा था।रास्ते में काशीपुर मार्ग पर खबड़िया फार्म के पास दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने आगे पीछे बाइक लगाकर उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने उन्हें लात, घूसों और थप्पड़ों से मारना पीटना शुरू कर दिया।इस दौरान एक बदमाश ने ठेकेदार की कनपटी पर तमंचा रख दिया।मजदूरों की पूरी रकम छीनकर वापिस फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित दढ़ियाल पुलिस चौकी पहुंचा।जहां से उसे टांडा कोतवाली जाने की सलाह दी गई।टांडा कोतवाली में पीड़ित ने चार नामजद लोगों के खिलाफ लूट और मारपीट की तहरीर दी। लेकिन पुलिस द्वारा मामले में लूट का मुकदमा न दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ मारपीट की धाराओं 323 और 504 में एनसीआर दर्ज की गई है। टांडा कोतवाल माधव सिंह विष्ट का कहना है कि मारपीट की तहरीर मिली थी रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। लूट की घटना नहीं हुई है।