रामपुर। पिछले तीन दिन से एलआईसी रोड पर पाइप लाइन से पानी लीकेज हो रहा है। पालिका के मरम्मत करने के बाद भी पाइप लाइन सही नहीं हो सकी। अन्य जगह भी पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। आलम यह है कि सड़क पर पानी बह रहा है और घरों की टंकियों में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। जिसको लेकर लोग काफी परेशान हो चुके हैं।
एलआईसी रोड के निकट बृहस्पतिवार को पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे पानी लीकेज हो रहा है। आसपास रहने वाले लोगों ने नगर पालिका की टीम को अवगत कराया था, जिसके बाद टीम शुक्रवार को पहुंची और उसने खुदाई कर लीकेज रोकने की कोशिश की। काफी देर तक मशक्कत के बाद समस्या तो दूर हुई, लेकिन सुबह दोबारा वहां अन्य जगह से पाइप लाइन लीकेज होने लगी और सड़क पर पानी बहने लगा। जिसके बाद वापस टीम ने यहां खुदाई करके लाइन को सही किया था, लेकिन तीसरे दिन भी लीकेज नहीं रुकी और शनिवार को फिर तीसरी जगह से पानी बहने लगा। लोगों ने समस्या से टीम को अवगत कराया है। यहां पर खोदाई से गड्ढे में भी पानी भर रहा है। लोगों का कहना है कि टीम को अवगत कराया गया है। टीम सोमवार को आकर इसको ठीक करेगी। इस बीच रविवार को भी लोगों को काफी परेशानी हुई है। टंकियों में पानी की समस्या बनी रही। मोहल्ले के दिनेश चंद्र बताते हैं कि यहां पाइप लाइन काफी पुरानी पड़ी है, जिस वजह से लीकेज हो जाती है। वहीं अकरम ने बताया कि कई बार यहां पर लीकेज हो जाती है। भारी वाहनों के गुजरने से भी यह समस्या आ जाती है। इधर, ईओ दुर्गेश्वर त्रिपाठी ने बताया कि पाइप लाइन को दिखवा लिया जाएगा।