राष्ट्रीय किसान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीएम सिंह ने कहा है कि सरकार की लचर नीतियों के कारण वर्तमान में खेती घाटे का सौदा होकर रह गई है। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में संगठन किसानों के बूते पर प्रदेश में सरकार बनाएगी। साथ ही किसानों को उपज का पूरा मूल्य देकर खेती को फायदे का सौदा साबित करेगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष मंगलवार को दिल्ली से रुद्रपुर जाते वक्त नगर के मोहल्ला तीरथ कालोनी निवासी गुरुद्वारा खुबियानंगल के सचिव भाई हरजीत सिंह के आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज किसान फसल की उपज का सही मूल्य न मिलने के कारण बेहद परेशान हैं। प्रदेश सरकार किसानों की किसी भी समस्या को नहीं सुन रही है।
वहीं केंद्र सरकार पूंजीपतियों और उद्योगपतियों के चक्कर में किसानों की हर स्तर पर अनदेखी कर रही है। इसके कारण किसान गन्ने का भुगतान समय से न मिलने व उपज का सही मूल्य न मिलने की वजह से लगातार कर्जे में डूबता जा रहा है। यही, कारण है कि खेती घाटे का सौदा होने की बजह से किसान खेती से भाग रहा है।
उन्होंने कहा कि उनका संगठन किसानों के हितों की लड़ाई को लड़ रहा है। अब किसानों के बीच उनका उपना संगठन मजबूत पार्टी लेकर आया है। किसानों के बल पर सरकार बनाकर पूरा हक दिलाकर खेती को मुनाफे का सौदा साबित करेगी।
उन्होंने कहा कि वह किसानों को अधिग्रहण की गई भूमि का वर्तमान मूल्य दिलवाने का संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा वर्ष 2017 में किसानों की अपनी सरकार बनने पर किसानों की उपज का सही मूल्य मिलेगा। प्रदेश का किसान खुशहाल होगा।
उन्होंने कहा कि अगले माह में बिलासपुर में किसानों की विशाल सभा होगी, जिसमें किसान अपनी ताकत का प्रदर्शन करेंगे। इससे पहले वह ग्राम खुबियानंगल गुरुद्वारे भी पहुंचे और मत्था टेककर मौजूद संगत को भी संगठन की जानकारियां भी दीं।
इस मौके पर दिलबाग सिंह, हरजीत सिंह, राजेंद्र सिंह मिंटू, तरनजीत सिंह, बजबंत सिंह, हरविंद्र सिंह, सरनजीत सिंह, टहल सिंह, केपी सिंह, अमरजीत सिंह, सर्वजीत सिंह, पूरन सिंह, दुर्गेश चौबे, गोपाल, गुरप्रताप सिंह, हरमिंद्र सिंह, भगवंत मौजूद रहे।