स्वार। जालफ नगला गांव के कोसी खादर में दो शावक संग घूम रहे नर-मादा तेंदुए और दो शावकों की चहलकदमी से ग्रामीणों में शनिवार को तीसरे दिन भी खौफ बना रहा। ग्रामीण डर के कारण अपने खेतों पर समूह बनाकर जा रहे हैं।
क्षेत्र के जालफ नगला के ग्रामीणों की मानें तो सितंबर माह से तेंदुए का जोड़ा जंगल में घूम रहा है। गत सितंबर माह में इस क्षेत्र में स्थित स्टोन क्रशर परिसर में नर-मादा तेंदुए दिखाई दिए थे। स्टोन क्रशर परिसर में लगे कैमरों में अलग अलग दो तेंदुए चहलकदमी करते दिखाई दिए थे। तब भी वन विभाग को सूचित किया गया, लेकिन वन विभाग ने गंभीरता से नहीं लिया।
ग्रामीणों का कहना है कि अब दो तेंदुओं के अलावा दो शावक भी दिखाई दिए हैं। बुधवार को किसान अपने खेतों की ओर जा रहे थे तब उन्हें दो तेंदुए और दो शावक दिखाई दिए। किसान उल्टे पांव गांव लौट आए थे। शनिवार को तीसरे दिन भी किसानों में खौफ बना रहा। ग्रामीणों गुलाम अहमद, उबैद अली आउट उमर अली आदि ने बताया कि अकेले कोई भी जंगल नहीं जा रहा है। समूह बनाकर लाठी डंडों के साथ जंगल जा रहे हैं। शनिवार को कोई वन अधिकारी जंगल नहीं आया।