शाहबाद। बिजली कटौती की शिकायत लेकर बिजलीघर पहुंचे भीतरगांव के लोगों और बिजली कर्मियों के बीच नोकझोंक के बाद हाथापाई हो गई। घटना के बाद बिजली निगम के एसएसओ और जेई की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई। पुलिस ने छह लोगों का शांतिभंग में चालान किया है।
एसडीओ अलंकृत मिश्रा ने बताया कि 15 सितंबर की रात बिजली कटौती हुई थी। इसी को लेकर भीतरगांव के कई लोग शिकायत लेकर बिजलीघर पहुंचे थे। वहां मौजूद एसएसओ अब्दुल से बिजली कटौती को लेकर लोगों की कहासुनी होने लगी। आरोप है कि नोकझोंक बढ़ने के बाद दोनों पक्षों में हाथापाई हो गई। मामले में एसएसओ अब्दुल और जेई सुधीर कुमार की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई।
पुलिस ने मामले में भीतरगांव निवासी अंकित, मोहर सिंह, राजेंद्र, बॉबी, अरविंद और अंकित का शांति भंग की धाराओं में चालान कर दिया। सीओ देवकीनंदन ने बताया कि बिजली कर्मियों और लोगों के बीच विवाद के मामले में छह लोगों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।