फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur News: जंगल में दौड़ते तेंदुए की वीडियो वायरल, ग्रामीणों में दहशत

विज्ञापन
विज्ञापन
स्वार। क्षेत्र के गांव कुंदनपुर खादर स्थित जंगल में दौड़ते तेंदुए की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई है। वीडियो में कुछ ग्रामीण ट्रैक्टर से तेंदुए का पीछा करते नजर आ रहे हैं। तेंदुआ कुछ दूर भागने के बाद गन्ने के खेत में घुसकर ओझल हो गया। इसके चलते आसपास के गांवों में तेंदुए की दहशत बनी हुई है।
विज्ञापन

वायरल वीडियो ने ग्रामीणों में दहशत बढ़ा दी है। उधर दो माह बीत जाने के बावजूद भी वन विभाग द्वारा जंगल में पिंजरा न लगाए जाने से ग्रामीणों में विभाग के प्रति आक्रोश पनप रहा है, जो कभी भी बड़ा विरोध रूप ले सकता है। बताया जाता है कि बीते रविवार देर रात कुंदनपुर खादर निवासी किसान काले के घर में दीवार फांदकर घुसे तेंदुए ने उसकी बकरी उठा ली थी। इससे पूर्व भी तेंदुआ कई बार हमला कर चुका है। करीब दो माह पहले जमना-जमनी स्थित जंगल में उसने एक निराश्रित गोवंशीय पशु को मार डाला था। इसके बाद करीमपुर के जंगल में भी उसने एक और गोवंशीय पशु को शिकार बनाया। लगातार घटनाओं के चलते ग्रामीणों ने खेतों पर जाना बंद कर दिया। कई परिवारों ने बच्चों को स्कूल भेजने तक पर पाबंदी लगा दी।
धर्मपुर उत्तरी गांव में पूर्व प्रधान सरदार अमृतदीप सिंह के बंद पड़े ढिल्लो स्टोन क्रशर पर तेंदुए ने पालतू कुत्ते को भी शिकार बनाया था। इतना ही नहीं, नया गांव नजीबाबाद के जंगल में रिटायर्ड कर्नल उपकार सिंह के फार्म हाउस पर भी तेंदुआ देखा गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि इतने हमलों और घटनाओं के बाद भी वन विभाग ने अब तक तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा नहीं लगाया है और न ही कोई अधिकारी तेंदुए की तलाश में कांबिंग कर रहे हैं। इस कारण ग्रामीणों में आक्रोश गहराता जा रहा है। इस संबंध में स्वार वन क्षेत्राधिकारी मुजाहिद हुसैन का कहना है कि तेंदुए की सटीक लोकेशन ट्रेस नहीं हो पा रही है, जिसकी वजह से पिंजरा नहीं लगाया जा सका है। वहीं विभागीय अधिकारियों का कहना है कि पिंजरा लगाने के लिए अभी उच्चाधिकारियों से अनुमति नहीं मिल सकी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें