रामपुर। मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के प्रांत संयोजक फैसल मुमताज ने जिला अस्पताल में मौजूद वेंटिलेटर मशीनों को चालू करने की मांग की है। इस बाबत उन्होंने केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ और भाजपा जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता को पत्र भेजा है।
उन्होंने कहा है कि देश भर में कोरोना का कहर जारी है। इससे हमारा जनपद भी अछूता नहीं है। कोरोना का खतरा बढ़ गया है। जिले में हजारों की संख्या में लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं और और रोजाना बड़ी संख्या में संक्रमित मिल रहे हैं। सरकार ने गंभीर रोगियों की जान बचाने के लिए पिछले साल जिला अस्पताल को दो वेंटिलेटर दिए थे, जिन्हें अब तक नहीं चलाया गया है। कोरोना संक्रमण की गंभीरता को देखते हुए शासन ने सप्ताह भर पहले भी जिला अस्पताल को 14 वेंटिलेटर दिए हैं, ताकि कोरोना के गंभीर रोगियों की जान बचाई जा सके, लेकिन अस्पताल प्रशासन द्वारा इन्हें भी नहीं चलाया गया है। सभी वेंटिलेटर जिला अस्पताल में धूल फांक रहे हैं। उन्होंने वेंटिलेटर चालू कराने की मांग की है। संवाद