रामपुर। यूपी बोर्ड और सीबीएसई के विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण न कराने वाले प्री-बोर्ड परीक्षा से वंचित रह सकते हैं। कोरोना संक्रमण न फैले, इसलिए टीकाकरण न कराने वाले विद्यार्थियों को टीकाकरण कराना जरूरी होगा। प्रधानाचार्यों को ऐसे विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने के आदेश दिए गए हैं।
सरकार ने कोरोना संक्रमण फैलने से रोकने के लिए 15 वर्ष से आयु से अधिक और 18 वर्ष से कम आयु किशोर छात्र-छात्राओं का टीकाकरण कराने के निर्देश दिए थे। इसके लिए प्रत्येक विद्यालय में स्वास्थ्य विभाग की टीमें भेजी गई थीं। लेकिन,10 जनवरी तक टीकाकरण पूरा नहीं हो पाया। टीकाकरण न कराने पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने मान्यता प्राप्त स्कूलों की मान्यता समाप्त करने की चेतावनी दी थी। चेतावनी के बाद मान्यता प्राप्त स्कूलों में टीकाकरण कार्य तेज हुआ, लेकिन अभी भी तमाम किशोर टीकाकरण से वंचित रह गए हैं।