बिलासपुर। तराई किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष तजिंदर सिंह विर्क शुक्रवार की दोपहर कुछ किसानों के साथ नगर की नवीन मंडी पहुंचे। उन्होंने तमाम किसानाें के साथ धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। किसानों ने उन्हें बताया कि सरकार का दावा है कि एक अक्तूबर से धान की खरीद शुरू हो गई है, लेकिन क्षेत्र में आज तक क्रय केंद्रों पर तौल शुरू नही हो सकी है। किसानों ने हंगामा करना शुरु कर दिया।
सूचना पर मंडी समिति सचिव सोमेंद्रु कौशिक पहुंच गए। केंद्रों पर उपस्थित कर्मचारियों का कहना था ठेकेदार की लेबर नहीं आयी है। किसानों ने कहा कि मंडी में किसान सूखा धान लेकर बैठे हैं। ऊपर से मौसम खराब है, ऐसी स्थिति में किसानों के सामने संकट है। सचिव ने कहा कि धान में अभी नमी है और सूखे धान को हर केंद्र प्रभारी तुरंत तौलेगा। किसानों ने कहा कि सरकार ने क्रय केंद्रों पर प्रतिदिन 300 क्विंटल खरीद निर्धारित की है, जो कम है। प्रति केंद्र पर कम से कम 500 सौ क्विंटल धान की खरीद निश्चित की जानी चाहिए।
किसानों ने केंद्रों पर तिरपाल एवं सुखाने लिए पंखों की व्यवस्था कराने, केंद्रों का नोडल अधिकारी द्वारा प्रतिदिन जांच कराने की मांग की। जिससे किसानों का शोषण न हो। इस मौके पर सहाब सिंह कोटिया, नजीब खां, नदीम यार खां आदि मुख्य थे।