स्वार-टांडा के विधायक नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां ने स्वार विधानसभा चुनाव में धांधली की आशंका जताई है। उन्होंने कई अधिकारियों और पुलिस कर्मियों की शिकायत चुनाव आयोग से की है। अधिकारियों पर सपा कार्यकर्ता के रूप में कार्य करने की आरोप लगाया है।
विधायक ने नूर महल में पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कई अधिकारी ऐसे हैं, जो कई साल से जिले में तैनात हैं। इन अधिकारियों के रामपुर में रहते स्वार विधानसभा का निष्पक्ष चुनाव कराना संभव नहीं है। उन्होंने निर्वाचन आयोग को पत्र भेजकर ऐसे अधिकारियों और पुलिस कर्मियों को हटाने की मांग की है। नवेद मियां ने आशकंा जताई है कि अगर यह अधिकारी नहीं हटे तो चुनाव में धांधली हो सकती हैं। क्योंकि अधिकारी और पुलिस वाले सपा कार्यकर्ता के रूप में कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग और राज्य निर्वाचन आयोग को इन अधिकारियों और पुलिस कर्मियों के सपा का हितैषी होने के सुबूत भी दिए हैं। नवेद मियां ने कहा कि बसपा की सरकार बनी तो यतीमखाना की जमीन पर बनवाया जा रहा है स्कूल वक्फ का हो जाएगा। क्योंकि यतीमखाना की जमीन आज भी उनके नाम दर्ज है।