आजम खां ने कहा- हम डाल के पंछी नहीं
बसपा सुप्रीमो मायावती की लखनऊ रैली के दौरान सपा नेता आजम खां के नाम और फोटो वाली एक फेसबुक आइडी से बसपा में शामिल होने की अपील वाली पोस्ट ने राजनीतिक उठा-पटक की अटकलों को हवा दे दी। हालांकि, सपा जिलाध्यक्ष ने इसे शरारत बताते हुए स्पष्ट किया कि यह पोस्ट आजम खां ने नहीं की थी। कहा कि जल्द ही इस आईडी की शिकायत पुलिस से करेंगे।
आजम खां ने कहा कि हम डाल के पंछी नहीं हैं। मामला तब सामने आया जब लखनऊ में बसपा की रैली चल रही थी। इसी दौरान आजम खां के नाम से बनी एक फेसबुक आइडी जिसमें लिखा था आजम खान फैन पेज प्राउडी अकाउंट। ये पेज अक्तूबर 2021 में बना है। इसके फॉलोवर 49.8 के हैं।
इस पोस्ट को देर शाम तक 23 हजार से अधिक लोग देख चुके थे और 172 लोगों ने इसे शेयर भी किया है। इस पोस्ट में लिखा था यूपी में बीजेपी का राजनीतिक सफाया मायावती ही कर सकती हैं। मेरी कौम के लोगों बीएसपी से जुड़ो...यूपी में बीएसपी का कोर वोटर के साथ तुम्हारा वोट जुड़ गया तो बीजेपी गायब हो जाएगी।
इस पोस्ट ने आजम खां के समर्थकों के बीच खलबली मचा दी। गौरतलब है कि 23 महीने जेल में बिताने के बाद रिहा हुए आजम खां के बसपा में शामिल होने की चर्चाएं पहले से ही चल रही थीं। पोस्ट वायरल होने के बाद सपा जिलाध्यक्ष ने इसका खंडन किया। कहा कि ये आजम का पेज और आईडी नहीं है। जल्द ही इस मामले में पुलिस से शिकायत की जाएगी।