51 आपत्तियां दर्ज, 17 दिसंबर को जारी होगी परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च तक आयोजित होंगी। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने जिले में 74 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किए हैं, जिन पर 51 स्कूलों ने आपत्तियां दाखिल की हैं। इनमें से तीन विद्यालयों ने परीक्षा केंद्र बनने से इन्कार कर दिया है।
माध्यमिक शिक्षा विभाग ने प्रस्तावित केंद्रों की अंतिम सूची 17 दिसंबर को जारी करने की तैयारी की है। निर्धारित समय सीमा तक मिली 51 आपत्तियों में सबसे महत्वपूर्ण तीन विद्यालयों का परीक्षा केंद्र बनने से मना करना माना जा रहा है।
सभी आपत्तियों की जांच के लिए जनपदीय समिति निस्तारण कार्य में जुटी हुई है। समिति सभी पक्षों की मांगों एवं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अंतिम परीक्षा केंद्र सूची तैयार करेगी।
परीक्षा केंद्र निर्धारण की यह प्रक्रिया छात्रों की सुविधा, सुरक्षा और सुचारू परीक्षा संचालन सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है। विभाग का प्रयास है कि परीक्षार्थियों को न्यूनतम दूरी पर केंद्र उपलब्ध हों, भीड़भाड़ न हो और पारदर्शी व सुरक्षित माहौल में परीक्षा संपन्न कराई जा सके, जिसके लिए पूरी कोशिश की जा रही है।
-
विभाग की ओर से परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर आपत्ति मांगी गई थी। 273 स्कूलों में से 51 स्कूलों ने आपत्ति दर्ज कराई और तीन स्कूलों ने परीक्षा केंद्र बनने से इन्कार कर दिया है। 17 दिसंबर को परीक्षा केंद्रों की फाइनल सूची जारी की जाएगी। -अंजलि अग्रवाल, डीआईओएस