रामपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएड की परीक्षाओं के लिए केंद्र निर्धारण की नीति जारी कर दी। इसके तहत सीसीटीवी कैमरों से लैस काॅलेजों को ही परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया 10 नवंबर से शुरू होकर 30 दिसंबर तक पूरी की जाएगी।
डीआईओएस ने प्रधानाचार्य कक्ष से अलग दोनों तरफ सीसीटीवी कैमरों युक्त सुरक्षित स्ट्रांग रूम बनाए जाने के निर्देश दिए हैं। स्ट्रांग रूम में प्रश्न पत्रों को रखने के लिए चार डबल लॉक के बॉक्स होंगे। इसी के साथ उत्तर पुस्तिकाओं को रखने के लिए भी अति सुरक्षित स्ट्रांग रूम होगा। मानक के अनुसार, प्रवेश द्वार एवं प्रमुख स्थलों के अलावा सभी कक्षाओं के बाहर भी दोनों तरफ सीसीटीवी कैमरे लगे होंगे।
-जिला एवं तहसील स्तरीय समिति करेगी कॉलेजों का सत्यापन
परीक्षा केंद्र बनाए जाने वाले कॉलेजों का भौतिक सत्यापन जिला एवं तहसील स्तर पर गठित समिति करेगी। गाइडलाइन के अनुसार, प्रधानाचार्य निर्धारित प्रारूप में काॅलेजों में जियो लोकेशन के साथ विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं का विवरण पोर्टल पर अपलोड करेंगे। भौतिक सत्यापन में तथ्य गलत पाए जाते हैं तो विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर जिले में परीक्षा केंद्र निधारित के लिए निर्देश मिले हैं। परीक्षा के लिए सिर्फ उन कॉलेजों को ही केंद्र बनाया जाएगा, जिन कॉलेजों में सीसीटीवी लगे होंगे। परीक्षा केंद्र बनाए जाने वाले कॉलेजों का भौतिक सत्यापन जिला एवं तहसील स्तर पर गठित समिति की ओर से किया जाएगा।
- अंजलि अग्रवाल, डीआईओएस