शाहबाद/चंदाैसी। संभल के चंदौसी निवासी रेलवे कर्मचारी हेमराज पाल (40) की रविवार सुबह सड़क हादसे में मौत हो गई। वह अपने पुत्र के साथ बाइक से मामी के अंतिम संस्कार में शामिल होने बरेली के प्रोजपुर गांव जा रहे थे। वह शाहबाद के रामपुर चौराहे से आगे मंडी के निकट पहुंचे ही थे कि पीछे से तेज रफ्तार केमिकल लदे टैंकर ने उनकी बाइक में ठोकर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि हेमराज पाल सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। पीछे बैठे उनका बेटा अंशुल भी घायल हो गया।
घटना के बाद प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत दोनों को सीएचसी शाहबाद पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने हेमराज पाल को मृत घोषित कर दिया। अंशुल ने अपने शाहबाद के रिश्तेदारों को घटना के बारे में सूचित किया। पति के शव को देखकर पत्नी ने बिलखना शुरू कर दिया। इस दुर्घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं टैंकर को अपने कब्जे में लेकर मंडी में खड़ा करा दिया है।