फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur News: बेमौसम बारिश और तेज हवा से खेतों में गिरी गेहूं की फसल, किसान चिंतित

विज्ञापन
विज्ञापन
रामपुर। जिले में शुक्रवार तड़के चली तेज हवा और उसके बाद हुई बारिश से कई जगह गेहूं की फसल जमीन में गिर गई। खेत में कटी सरसों की फसल भीग गई। उधर, आम के बौर को भी नुकसान पहुंचा है। बारिश के कारण अधिकतम तापमान 31 डिग्री से गिरकर 20 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इससे दिन में लोगों को ठंड का एहसास हुआ। मौसम विभाग ने शनिवार से कहीं-कहीं हल्की बारिश के साथ मौसम साफ रहने का अनुमान जताया है।
विज्ञापन

जिले में सुबह तीन बजे से रुक-रुककर हल्की बारिश होती रही। उधर तेज हवा चलने से गेहूं की फसल गिर गई। बृहस्पतिवार को जिले का तापमान 31 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 20 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। न्यूनतम तापमान में भी दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। बारिश के कारण बाजार में भीड़ न के बराबर रही। सड़कें खाली रही। कुछ लोग छाता पकड़कर चलते दिखाई दिए। लोगों ने ठंड के कारण गर्म कपड़े निकाल लिए।
चार बजे बाद बारिश रुकने के बाद बाजार में चहल-पहल देखने को मिली। मौसम वैज्ञानिक मो. दानिश ने बताया कि शनिवार को कहीं-कहीं हल्के बादल छाए रहेंगे। कहीं-कहीं बौछार पड़ सकती है। रविवार से मौसम पूरी तरफ साफ हो जाएगा। कहा कि अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री और न्यूनतम 15.2 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
विज्ञापन






जिले में कई जगह बिजली तीन से आठ घंटे रही बाधित
बारिश के कारण शहर सहित जिले के अधिकांश क्षेत्रों में तीन से लेकर आठ घंटे की कटौती हुई। बिजली विभाग के अनुसार तेज हवा के कारण कई जगह बिजली लाइन में टहनियां गिर गई। फॉल्ट के कारण लोगों को बिजली नहीं मिल सकी। स्वार, मिलकखानम, मसवासी, केमरी में तेज हवा और बारिश के चलते शुक्रवार तड़के से नगर सहित आसपास 36 से भी अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति ठप है। बिजली के अभाव में पेयजल आपूर्ति भी बाधित रहने से लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के चलते नगर सहित मोहल्ला भूबरा, चाऊपुरा के अलावा क्षेत्र के गांव बिजारखाता, मानपुर उत्तरी, शिकारपुर, मझरा हस्सन, किशनपुर मौलागढ़, खुशहालपुर, रहमतगंज, मंसूरपुर, करीमपुर, मिलक नौखरीद, घोसीपुरा पट्टीकलां, हसनपुर उत्तरी, ज्वालापुर, शेखुपुरा, किशनपुर आरपी, फतेहगंज, चौहद्दा, जमना-जमनी, बेलवाड़ा, त्रिलोकपुर, कुंदनपुर, गांगन नगली, अलीगंज, मिलक भूबरी आदि गांवों की बिजली आपूर्ति ठप पड़ी हुई है। अलविदा जुमा पर भी बिजली ठप रहने से रोजेदारों को बेहद दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। जेई श्याम सिंह ने बताया कि टीम पेट्रोलिंग कर रही है। जल्द ही आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

क्या बोले जानकार-

गेहूं की फसल को होगा नुकसान
रामपुर। कृषि विज्ञान केंद्र धमोरा के कृषि वैज्ञानिक डॉ. मयंक कुमार राय का कहना है कि गेहूं की फसल पक चुकी है। इसलिए बारिश से नुकसान हो सकता है क्योंकि गेहूं के दानों में नमी आ जाएगी। उनका कहना है कि गेहूं की कटाई से कम से कम 15 दिन पहले सिंचाई कम कर दी जाती है,ताकि दानों में नमी न रहे। कहीं सिंचाई ज्यादा हो जाती है तब भी गेहूं की फसल नमी की वजह से भी गिर जाती है। यदि ज्यादा बारिश हुई तो यह नुकसान ज्यादा बढ़ सकता है।
-
बारिश मक्का,चना और सरसों के लिए भी फायदेमंद
रामपुर। जिला कृषि अधिकारी कुलदीप राणा ने बताया कि बारिश से पहले ही गेहूं की फसल अभी अधपकी है। इससे नुकसान नहीं होगा। गेहूं की बालियां गिरने के बाद भी किसानों को इससे कोई नुकसान नहीं होगा क्योंकि अभी बारिश तेज नहीं हुई है। यदि बारिश तेज होती या फिर तेज हवाएं चलती तो ज्यादा नुकसान होता। गेहूं के अलावा यह बारिश मक्का,चना और सरसों के लिए भी फायदेमंद होगी।

-
आम की फसल को होगा नुकसान
रामपुर। जिला उद्यान अधिकारी अजय कुमार का कहना है कि बारिश से आम की बौर झड़ गई होगी,जिससे आम की फसल को नुकसान होगा। यदि तेज हवाएं ज्यादा चलीं तो और भी नुकसान हो सकता है। इससे आम की फसल पर बुरा असर होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें