मिलक। बिलासपुर रोड पर मंगलवार शाम अनियंत्रित पिकअप की टक्कर से ई-रिक्शा सवार छह लोग घायल हो गए। इनमें से पांच को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से वाहन हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
हादसा शाम करीब पांच बजे ग्राम खाता नगरिया के पुल के पास हुआ। ग्राम एमी निवासी रेखा ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करती है। वह मिलक से सवारियां लेकर रठौंडा जा रही थी, तभी सामने से आ रही मिर्चों से भरी तेज रफ्तार पिकअप ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी।
घायलों में ई-रिक्शा चालक रेखा, यशपाल, नेमचंद, नेत्रपाल, बाबूराम और रेखा का भतीजा शिवांश शामिल हैं। शिवांश को मामूली चोटें आईं, जबकि अन्य पांच की हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार चल रहा है। कोतवाल पुष्कर सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संवाद