बिलासपुर। बिलासपुर-शीशगढ़ मार्ग पर सिरसखेड़ा गांव के पास बुधवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में दोनों बाइक चालकों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
बरेली जिले के बूंची गांव निवासी अब्दुल जलीस (35) बुधवार शाम करीब चार बजे टांडा हुरमत नगर में एक दावत से लौट रहे थे। उनकी बाइक पर पत्नी मोबिन बी और तीन बेटे जीशान, अयान तथा असद भी सवार थे। दूसरी ओर से आ रही बाइक पर डंडिया गांव निवासी विजय (28) और उनके पीछे विक्की (35) बैठे थे।
सिरसखेड़ा गांव के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर कोतवाली प्रभारी जीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।
चिकित्सकों ने अब्दुल जलीस और विजय को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल मोबिन बी, उनके पुत्र जीशान और विक्की को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अयान और असद को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
सूचना मिलने पर दोनों परिवारों के लोग अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। कोतवाली प्रभारी जीत सिंह ने बताया कि अभी तक घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।