शाहबाद। क्षेत्र के दो गांवों के रहने वाले दो युवकों की पंजाब में अलग-अलग परिस्थितियों में मौत हो गई।
कोतवाली क्षेत्र के मोहलिया गांव निवासी नरेश (40) पंजाब के चंडीगढ़ में मजदूरी करते थे। ग्रामीणों के मुताबिक बुधवार को उन्हें तेज बुखार आया। हालत बिगड़ने पर उनकी मौत हो गई। देर रात शव शाहबाद लाया गया। बृहस्पतिवार दोपहर उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। नरेश अपने पीछे पत्नी शकुंतला, तीन बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं। अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
इसी तरह जगेसर गांव निवासी कुंवर सिंह (27) चंडीगढ़ के खंडहर क्षेत्र में राजमिस्त्री का काम करते थे। उनके भाई हेमचंद के मुताबिक बुधवार सुबह कुंवर सिंह काम पर गए थे। काम के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। बृहस्पतिवार को शव गांव लाकर अंतिम संस्कार किया गया। उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। संवाद