रामपुर। सपा नेता आजम खां के बेटे पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम के दो पासपोर्ट मामले में बचाव पक्ष की ओर से दो और गवाह पेश किए गए। उन्होंने अपने बयान दर्ज कराए। अभियोजन की ओर से गवाहों से जिरह की गई। उनकी गवाही पूरी हो गई। अब इस मामले में 11 मार्च को सुनवाई होगी।
भाजपा विधायक आकाश सक्सेना ने 30 जुलाई 2019 को सिविल लाइंस कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें भाजपा विधायक ने अब्दुल्ला पर अलग-अलग जन्मतिथि से दो पासपोर्ट बनवाने का आरोप लगाया था। इसमें कहा कि असत्य एवं कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनवाया गया और उसे उपयोग में भी लाया गया। एक पासपोर्ट में जन्मतिथि पहली जनवरी 1993 है, जबकि दूसरे पासपोर्ट में जन्मतिथि 30 सितंबर 1990 दर्ज है।
पुलिस ने जांच पूरी कर अब्दुल्ला के खिलाफ आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल कर दिए थे। इसकी सुनवाई एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट (मजिस्ट्रेट ट्रायल) में चल रही है। इसमें अभियोजन की ओर से गवाही की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब बचाव पक्ष की ओर से गवाही की प्रकिया चल रही है।
सोमवार को बचाव पक्ष की ओर से गवाह अनवर खां और जकी उल रहमान को पेश किया गया। उन्होंने अपने बयान दर्ज कराए। अभियोजन ने गवाह से जिरह की। उनकी गवाही पूरी हो गई। वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी अमरनाथ तिवारी एवं भाजपा विधायक के अधिवक्ता संदीप सक्सेना ने बताया कि इस मामले की सुनवाई 11 मार्च को होगी। सुनवाई के दौरान अब्दुल्ला वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये हरदोई जेल से जुड़े।
-
डूंगरपुर मामले में आज भी होगी सुनवाई
रामपुर। डूंगरपुर बस्ती में घर में घुसकर मारपीट व डकैती और आपराधिक षड्यंत्र रचने के एक मामले में सोमवार को बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने अपना पक्ष रखा। मंगलवार को भी इस मामले में सुनवाई होगी। सुनवाई के दौरान सीतापुर जेल में बंद सपा नेता आजम खां वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये जुड़े।
गंज थाना क्षेत्र के डूंगरपुर बस्ती को खाली कराने को लेकर 12 मुकदमे 2019 में दर्ज हुए थे। यह सभी मामले बस्ती में रहने वाले लोगों की ओर से दर्ज कराए गए थे। जिसमें घरों में घुसकर मारपीट, गाली गलौज, डकैती और आपराधिक षड्यंत्र रचने के आरोप में सपा के पूर्व पालिकाध्यक्ष अजहर अहमद खां, ठेकेदार बरकत अली, रिटायर्ड सीओ आले हसन, फिरोज खां, रानू खां, नासिर, जिबरान खां, ओमेंद्र सिंह चौहान के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
इसके अलावा आजम खां को आपराधिक षड्यंत्र रचने का आरोपी बनाया गया है। आरोप है कि आजम खां के इशारे पर अन्य आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया। सोमवार को सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान सपा नेता आजम खां सीतापुर जेल से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए पेश हुए। इस दौरान सपा नेता आजम खां के अधिवक्ता जुबैर अहमद खां और नासिर सुल्तान ने अपना पक्ष रखा। संवाद