शाहबाद। अल्ट्रासाउंड सेंटर व पैथोलॉजी लैब के संचालन में अनियमितता बरतने व बिना पंजीकरण के संचालन की शिकायतों पर शनिवार को एसडीएम ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ छापेमारी की। इस दौरान दो अल्ट्रासाउंड सेंटर बिना पंजीकरण के संचालित होता मिला, इस पर एसडीएम के आदेश पर उसे सील कर दिया गया।
शनिवार को एसडीएम अरुणमणि तिवारी ने स्वास्थ्य विभाग के डॉ. वरुण कुमार के साथ अल्ट्रासाउंड सेंटर और पैथोलॉजी लैब पर छापेमारी की। इस दौरान शाहबाद नगर में संचालित जनता अल्ट्रासाउंड सेंटर को अनियमितता मिलने पर सील कर दिया गया। एसडीएम ने बताया कि जनता अल्ट्रासाउंड सेंटर आवासीय परिसर में संचालित होता मिला, इसके अलावा अल्ट्रासाउंड से पूर्व रोगियों के भरे जाने वाले फार्म का रखरखाव भी सही नहीं मिला। इसके साथ ही सेंटर पर मौजूद कर्मचारी सहित अन्य रोगियों की जांच से संबंधित कोई अभिलेख टीम को नहीं दिख सके। इसके आधार पर जनता अल्ट्रासाउंड सेंटर को सील कर दिया गया। इससे पूर्व में भी जनता अल्ट्रासाउंड सेंटर सील किया गया था। शाहबाद के बड़ागांव स्थित हिंदुस्तान अल्ट्रासाउंड सेंटर पर भी टीम ने छापेमारी की, इस दौरान संचालक फरार हो गए। जिसके बाद टीम ने इस सेंटर को भी सील कर दिया।
एसडीएम ने बताया कि सील किए गए अल्ट्रासाउंड सेंटर हिंदुस्तान के नोटिस बोर्ड पर उसके बंद होने के कोई कारण स्पष्ट करते हुए नोटिस नहीं चस्पा थी, उन्होंने बताया कि यदि संचालक द्वारा अल्ट्रासाउंड सेंटर के संचालन से संबंधित दस्तावेज टीम के समक्ष प्रस्तुत करता है और वे सही रहे तो सील हटा दी जाएगी। छापेमारी के दौरान टीम सैफनी पहुंची, इस दौरान यहां कई पैथोलॉजी लैब संचालक लैब बंदकर कर चले गए, लेकिन सभी ने लैब बंद किए जाने का कारण बाहर चस्पा किया था। इसके कारण इन सेंटरों की जांच नहीं की गई।