चुनाव ड्यूटी से बचने के लिए शिक्षक स्कूल से गायब हो गया। उसके बदले स्कूल का चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी लगातार उसकी उपस्थिति लगाता रहा। मामले का खुलासा होने के बाद बीएसए ने शिक्षक और हाजिरी लगाने वाले चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को सस्पेंड कर दिया गया। इतना ही नहीं स्कूल के इंचार्ज प्रधानाध्यापक को भी सस्पेंड कर दिया गया है।
मामला शाहबाद के सैफनी क्षेत्र का है। सैफनी के कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक रामरंग सिंह की चुनाव में ड्यूटी लगाई गई थी। चुनाव ड्यूटी जब स्कूल पहुंची तो उसने ड्यूटी रिसीव नहीं की। इतना ही नहीं इसके बाद उक्त शिक्षक यहां से गायब हो गया। शिक्षक के गायब होने के बाद भी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थान सिंह शिक्षक उसकी हाजिरी लगाता रहा।
ड्यूटी रिसीव न होने की जानकारी शाहबाद क्षेत्र के खंड शिक्षाधिकारी को मिली, जिस पर उन्होंने शिक्षक रामरंग सिंह, चतुर्थ श्रेणी कर्मी थान सिंह और स्कूल के प्रधानाध्यापक मनोज कुमार के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की थी। खंड शिक्षाधिकारी की सिफारिश के आधार पर जिला बेसिक शिक्षाधिकारी एसके तिवारी ने तीनों को सस्पेंड कर दिया है।
मनोज सैफनी क्षेत्र का एनपीआरसी भी है। बीएसए के मुताबिक मनोज पिछले साल भी सस्पेंड हो चुका है। उन्होंने साफ किया है कि किसी भी तरह अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।