फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur News: संपर्क क्रांति में दिनदहाड़े स्पेयर पार्ट्स कारोबारी के दो सेल्समैन से लूटपाट, फायरिंग करते भागे बदमाश

Thu, 16 Apr 2026 02:28 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
बिलासपुर (रामपुर)। दिल्ली माल खरीदने जा रहे स्पेयर पार्ट्स कारोबारी के दो सेल्समैन से सुबह करीब 10:15 बजे संपर्क क्रांति ट्रेन में तीन बदमाशों ने चाकू और तमंचों के बल पर लाखों रुपये लूट लिए। बिलासपुर में ट्रेन की रफ्तार कम होते ही बदमाश उतरकर फायरिंग करते हुए भाग निकले। हालांकि सुबह व्यापारी की ओर से लूटी गई रकम सात लाख रुपये बताई गई थी। मगर दर्ज प्राथमिकी में यह रकम 2.5 लाख रुपये लिखाई गई है। यह वारदात बुधवार सुबह करीब 10:15 बजे की है।
विज्ञापन


रुद्रपुर के मोहल्ला मलिक कॉलोनी निवासी व्यापारी मनजीत सिंह के दो कर्मचारी ऋतिक मंडल और साहिब सिंह दुकान का माल लेने दिल्ली जा रहे थे। दोनों रुद्रपुर सिटी रेलवे स्टेशन से संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (संख्या 15036) के सामान्य श्रेणी के चेयरकार वाले कोच डी वन की सीट संख्या 37 व 38 पर बैठे थे। व्यापारी ने दोनों कर्मचारियों को माल खरीदने के लिए सात लाख रुपये नकद दिए थे। दोनों ने साढ़े तीन-साढ़े तीन लाख रुपये अपने पास रखे हुए थे। पीड़ितों के अनुसार, तीनों बदमाश उसी डिब्बे में सवार थे जिसमें वह बैठे थे। बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के पहुंचते ही बदमाशों ने उनको तमंचे व चाकू के बल पर धमकाते हुए उनकी सीट से उठाया और दरवाजे की तरफ ले गए। वहां उनसे सभी रुपये और मोबाइल लूट लिए। रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के धीमे होते ही तीनों बदमाश नीचे कूद गए और हवाई फायरिंग करते हुए जंगल की ओर भाग गए। इस दौरान उन्होंने उनके मोबाइल ट्रेन के अंदर फेंक दिए। वारदात से यात्रियों में दहशत फैल गई। पीड़ितों ने घटना की जानकारी अपने मालिक मनजीत सिंह को दी। मनजीत ने तुरंत रेलवे पुलिस और कोतवाली पुलिस को फोन पर अवगत कराया। कोतवाली प्रभारी जीत सिंह, जीआरपी रुद्रपुर के चौकी प्रभारी संतोष कुमार मीणा और जीआरपी रामपुर की निरीक्षक शिखा मलिक अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गईं। जीआरपी थाना रामपुर में ऋतिक की तहरीर पर अज्ञात तीन बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने सीसीटीवी खंगाले और बदमाशों की तलाश में कांबिंग की, लेकिन कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी। जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक ईश्वर चंद्र ने भी अपनी टीम के साथ मौका मुआयना किया। हालांकि अभी तक लुटेरों की पहचान नहीं हो सकी है।



सप्तक्रांति ट्रेन में लूट की वारदात पर एसपी जीआरपी का वर्जन



ट्रेन में सवार यात्रियों की तहरीर के आधार पर जीआरपी थाने रामपुर में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें बना दी गई हैं। हमें पीड़ितों ने ढाई लाख रुपये छीनने की जानकारी दी है। हम हर बिंदु पर जांच करा रहे हैं। साथ ही रात्रि गश्त बढ़ाने के लिए भी टीम को सख्त निर्देश दिए गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन




- आशुतोष शुक्ला, एसपी जीआरपी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें