शाहबाद। अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवाें को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है। एक मृतक के परिजन की ओर से रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है, जबकि दूसरे मृतक के परिजनों की ओर से अभी तहरीर नहीं दी गई है।
सीमावर्ती जनपद बरेली के थाना सिरौली के सोहना गांव निवासी शिवदेई (60) सैफनी स्थित अपने मायके भतीजी के विवाह में शामिल होने आईं थीं। सोमवार को वैवाहिक कार्यक्रम निपटाकर मंगलवार देर शाम को अपने छोटे बेटे छविराम की पत्नी नीरज के साथ ई-रिक्शा से घर जा रही थीं। जाते समय शाहबाद के आंवला रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के निकट ई-रिक्शा पंक्चर हो गया। पंक्चर होने के बाद सारी सवारियां उतर गईं। साथ में शिवदेई भी उतर गईं। इस दौरान शिवदेई सड़क पार कर रही थीं तभी एक बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से शिवदेई गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल शिवदेई को आनन फानन सीएचसी में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रामपुर रेफर कर दिया, लेकिन रामपुर ले जाते समय उनकी मौत हो गई। पोते राजेश की ओर से आरोपी बाइक सवार बब्लू निवासी लालपुर गांव थाना पटवाई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। दूसरी ओर मिलक क्षेत्र के परम गांव निवासी भागीरथ (42) उर्फ पप्पू एक ट्रैक्टर चालक के साथ विद्युत पोल लेने के लिए शाहबाद क्षेत्र में आए हुए थे। मंगलवार देर रात को जाते समय किन्हीं परिस्थितियों में रामगंगा पुल पर ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबकर भागीरथ की मौत हो गई। दूसरे दिन बुधवार सुबह आठ बजे मृतक के भाई डालचंद को सूचना मिली। सूचना पाकर रोते-बिलखते हुए परिजन कोतवाली पहुंचे, जिसके बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रामपुर भेज दिया है। इस अचानक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।