मिलक। क्षेत्र के सिहारी गांव में बकरी बांधने को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट में दोनों पक्षों सहित आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस के द्वारा नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां डॉक्टर ने चार लोगों को गंभीर अवस्था देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
मामला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिहारी का है। जहां मंगलवार को रास्ते में बकरी बांधने को लेकर दो पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के लोगों ने एक दूसरे पर लाठी, डंडे और लोहे की राॅड से हमला कर दिया। वहीं एक पक्ष की महिलाओं के द्वारा पत्थर फेंकता देख दूसरे पक्ष के लोगों ने भी पत्थर बरसाने शुरू कर दिए।
ग्रामीणों ने दोनों पक्षों का बीच बचाव कराया। मारपीट में दोनों पक्षों के आधा दर्जन से लोग घायल हो गए। दोनों ही पक्ष घायल अवस्था में कोतवाली पहुंचे और एक दूसरे पर मारपीट और गाली-गलौज का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर लेकर उन्हें मेडिकल के लिए अस्पताल भेज दिया। कोतवाल धनंजय कुमार सिंह ने बताया कि रास्ते में जानवर बांधने को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट की घटना हो गई थी। घायलों को मेडिकल के लिए अस्पताल भेज दिया है। दोनों पक्षों की तहरीरों पर पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर रही है। संवाद