नगर में जल निगम द्वारा 10,50,000 लीटर क्षमता के दो ओवरहेड टैंक का निर्माण कार्य शुरू हो गया। ओवरहेड टैंक बन जाने से लोगों को हो रही पानी सप्लाई की समस्या का समाधान हो जाएगा। शुक्रवार को ओवरहेड टैंक निर्माण के लिए भूमि पूजन हुआ। नगर के मोहल्ला खाता कला में भाजपा नेता कुंवर नरेंद्र सिंह गंगवार ने भूमि पूजन किया।
उन्होंने बताया कि दूसरा ओवरहेड टैंक नगर के पटवाई रोड पर रेलवे फाटक के पास डंपिंग ग्राउंड के बराबर में बनेगा। इन दोनों के निर्माण में लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत आएगी। दोनों ओवरहेड टैंक 2 साल में बनकर तैयार हो जाएंगे। निर्माण हो जाने के बाद नगर में पाइपलाइन डाली जाएगी। इस परियोजना का उद्देश्य कस्बे के निवासियों को स्वच्छ और नियमित पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करना है।
ओवरहेड टैंक के निर्माण से कस्बे में पानी की आपूर्ति नियमित और पर्याप्त होगी, जिससे निवासियों को पानी की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा। ओवरहेड टैंक में पानी को स्वच्छ और सुरक्षित तरीके से संग्रहीत किया जा सकेगा, जिससे निवासियों को स्वच्छ पानी मिलेगा। भूमि पूजन के दौरान सभासद एजाज, यूनुस, आसिम, आसिफ, असीम, नाजिम, तस्कीन हुसैन, सब्बन खान ठेकेदार, नितिन अग्रवाल आदि मौजूद रहे।