दिल्ली से शाहबाद आ रही तेज रफ्तार डग्गामार बस ने मंगलवार तड़के मंगोली व शाहबाद के बीच एक ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। जिससे ट्रैक्टर चालक सहित दो ग्रामीणों की मौके पर ही मौत हो गई। गुुस्साए परिजनों ने पांच लाख रुपये के मुआवजे और बस को पकड़े जाने की मांग को लेकर शव बिलारी मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने जब जाम खुलवाने की कोशिश की तो ग्रामीणों ने पुलिस कर्मियों को खदेड़ दिया। हंगामा बढ़ने पर कई थानों की पुलिस बुलानी पड़ी। कड़ी मशक्कत के बीच पुलिस पांच घंटे बाद जाम खुलवा सकी।
क्षेत्र के भीतर गांव निवासी कमरूद्दीन (50) और जबर सिंह (35) ट्रैक्टर चलाकर अपने परिवारों का पालन पोषण करते थे। मंगलवार सुबह करीब चार बजे कमरूद्दीन व जबर सिंह ट्रैक्टर से रामपुर जा रहे थे। ट्रैक्टर को कमरूद्दीन चला रहा था। साथ में जबर सिंह भी था। शाहबाद-बिलारी मार्ग पर मंगोली के आगे बिलाल धर्मकांटे के पास दिल्ली से आ रही तेज रफ्तार डग्गामार बस ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। जिससे मौके पर ही दोनों ग्रामीणों की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक सहित बस लेकर फरार हो गया। इधर सूचना मिलने पर परिजन और ग्रामीण पहुंच गए। पांच लाख का मुआवजा और डग्गामार बस को पकड़े जाने की मांग को लेकर उन्होंने शाहबाद बिलारी मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम लगने की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। उसने जाम खुलवाने का प्रयास किया। लेकिन उत्तेजित भीड़ ने जाम खुलवाने का प्रयास कर रहे पुलिस कर्मियों को खदेड़ दिया।
मामले को गंभीर होता देखकर थाना पुलिस ने घटना की सूचना एसडीएम बी प्रसाद व सीओ मिलक ओपी आर्य को दी तो वे भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद कई थानों की पुलिस बुला ली गई। जाम खुलवाने को लेकर भीड़ और पुलिस के बीच जमकर नोंक झोंक हुई। आक्रोशित लोगों ने जिलाधिकारी को मौके पर बुलाए जाने की मांग करनी शुरू कर दी। इधर, सपा विधायक विजय सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष मतलूब अहमद अंसारी, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष मुसर्रत अली उर्फ पप्पू खां भी मौके पर जा पहुंचे। सभी ने मृतकों के परिजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाए जाने का आश्वासन दिया।
नगर पंचायत अध्यक्ष मतलूब अहमद अंसारी ने ट्रैक्टर को टक्कर मारकर भागी बस को सिरौली में पकड़वाया। तब जाकर मृतकों के परिजन शांत हुए और करीब पांच घंटे बाद उन्होंने पोस्टमार्टम के लिए शवों को उठाने दिया तब जाकर जाम खुला। मृतकों के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। मृतक के भाई द्वारा अज्ञात बस चालक के खिलाफ मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मुआवजा दिए जाने की मांग को लेकर मृतक के परिजनों ने कोतवाली पर भी हंगामा किया। जाम लगने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। जिसके कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।