स्वार। कोतवाली क्षेत्र के गांव खौद कलां में सीसीटीवी कैमरों को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। दोनों ओर से मारपीट, पथराव और धारदार हथियारों से हमला किए जाने के आरोप लगाए गए हैं। घटना में महिलाओं समेत आठ लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
मोहम्मद अनस ने आरोप लगाया कि पड़ोसी ने कैमरे लगाए हैं, जिनसे उनके परिवार की निजता प्रभावित हो रही थी। शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। अनस का आरोप है कि पुलिस के लौटने के बाद आरोपियों ने उनके घर पर पथराव और हमला कर दिया, जिसमें अनस, शौकीन और 17 वर्षीय निशा घायल हो गए।
वहीं दूसरे पक्ष के जाने आलम का आरोप है कि कैमरों को लेकर उनका विवाद पड़ोसी से था, लेकिन अनस पक्ष भी इसमें शामिल हो गया। इसके बाद हुई मारपीट में साहिबे आलम, राबिया, शौकीन जहां, शहनाज और मो. आलम घायल हो गए।
घटना के बाद दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी। कोतवाल अनुपम शर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर प्राप्त हुई है। घायलों का मेडिकल कराया गया है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।