ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। पुलिस थाना झाकड़ी के तहत किन्नू पंचायत के रुनपू गांव के समीप एक कार गहरी खाई में गिरने से दंपती की मौत हो गई है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है। वहीं मृतकों का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के मुताबिक वीरवार को कार संख्या एचपी-25सी 1426 में सवार होकर दंपती किन्नौर जिले के पोवारी से रुनपू गांव की ओर जा रहे थे। रुनपू गांव के समीप चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चालक ज्योति प्रकाश पुत्र देवा राम निवासी गांव पोवारी, जिला किन्नौर और उनकी पत्नी शकुंतला देवी की मौके पर मौत ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना स्थानीय व्यक्ति ने पुलिस चौकी सराहन को दी। इसके बाद पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंचा और स्थानीय लोगों की मदद से शवों को गहरी खाई से रेस्क्यू कर बाहर निकाला। इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी सराहन पहुंचाया गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार सराहन बीएल नेगी ने मृतकों के परिजनों को बीस-बीस हजार रुपये की फौरी राहत जारी की है। डीएसपी रामपुर चंद्र शेखर कायथ ने कहा कि कार हादसे में किन्नौर जिले के दंपती की मौत हो गई है। पोस्टमार्टम कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए गए हैं। पुलिस हादसे की छानबीन में जुटी है।