मिलक कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर सोमवार को तड़के रोडवेज जनरथ एसी बस और निजी बस की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में रोडवेज बस चालक समेत चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 50 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। पांच बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार निजी वोल्वो बस संख्या यूपी 32 एमएन 8147 से श्रावस्ती के 54 यात्री गुरुपूर्णिमा के अवसर पर बीती 18 जुलाई को हरिद्वार स्थित शांति कुंज गए थे। रविवार की रात सभी शांतिकुंज से वापिस घर के लिए रवाना हुए थे।
रोडवेज की साहिबावाद डिपो की जनरथ एसी बस संख्या यूपी70 बीटी 0592 लखनऊ से दिल्ली जा रही थी। डीएम जोगिंदर सिंह ने बताया कि तड़के निजी बस और रोडवेज बस के बीच भिड़ंत हो गई थी। हादसे में घायलों का बेहतर उपचार कराया जा रहा है। हादसे की जांच कराई जाएगी।