शाहबाद (रामपुर)। छोटे भाई को लेकर वापस लौट रहे बाइक सवार दो सगे भाइयों को शुक्रवार रात करीब सवा 10 बजे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने दोनों को पहचान कर परिजनों को सूचित किया। परिजन उन्हें सीएचसी लेकर पहुंचे। सीएचसी में चिकित्सकों ने बड़े भाई को मृत घोषित कर दिया। जबकि, छोटे भाई की स्थिति को चिंताजनक देखते हुए रेफर कर दिया। परिजन उसे दिल्ली के निजी अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई।
शाहबाद कोतवाली क्षेत्र के मित्रपुर गांव निवासी प्रेमशंकर पेशे से होमगार्ड हैं। उनका छोटा बेटा जयपाल (22) तीन दिन पूर्व लखीमपुर खीरी जनपद में मूंगफली का ठेला लगाने के लिए जगह तलाश करने गया था। वहां से जयपाल शुक्रवार देर रात को लौटा और शाहबाद से कोई सवारी नहीं मिलने पर उसने अपने बड़े भाई दिनेश उर्फ सोनू (27) को फोन किया। इस पर बड़ा भाई बाइक लेकर जयपाल को लेने शाहबाद आया था।
छोटे भाई को लेकर बड़ा भाई दिनेश बाइक से घर लौट रहा था। शुक्रवार रात सवा दस बजे राणा शुगर मिल के निकट किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। दोनों भाई सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने बाइक सवारों को पहचान कर परिजनों को सूचित किया। परिजन दोनोंको एंबुलेंस के माध्यम से शाहबाद सीएचसी लेकर पहुंचे। सीएचसी के चिकित्सकों ने बड़े भाई दिनेश उर्फ सोनू को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, छोटे भाई जयपाल की स्थिति चिंताजनक देखते हुए प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मगर, परिजनों ने अपनी मर्जी से उसे दिल्ली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान शनिवार तड़के पांच बजे उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक दिनेश उर्फ सोनू के शव को पोस्टमार्टम के लिए रामपुर भेज दिया है। जबकि, पुलिस छोटे भाई जयपाल के शव का इंतजार कर रही थी। उधर, अचानक दो भाइयों की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। दिनेश अपने पीछे पत्नी और तीन बेटियों को छोड़कर गया है। परिवार के लोग सदमे से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं।