मिलक। क्षेत्र के गांव बेगमाबाद में पारिवारिक पूजा समारोह के दौरान शराब के नशे में दो भाइयों द्वारा अपने ही भाई के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बेगमाबाद निवासी ओमपाल ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उनके भाई प्रताप के घर पूजा का आयोजन था। आरोप है कि उनका भाई देवीदास उन्हें घर से बुलाकर कार्यक्रम में ले गया। वहां पहले से मौजूद दूसरे भाई उमेश और देवीदास शराब के नशे में थे। दोनों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों ने मिलकर उनके साथ मारपीट की, जिसमें उनके दो दांत टूट गए और अन्य चोटें आईं।
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। घटना के बाद पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर दोनों भाइयों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर गांव निवासी देवीदास और उमेश के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीओ पीपी सिंह ने बताया कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।