शहजादनगर थाना क्षेत्र में नेशनल हाइवे पर गुरुवार देर रात को भीषण सड़क हादसा हुआ। हादसे में टैंकर चालक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद नेशनल हाइवे पर लंबा जाम लग गया। मौके पर पहुंची शहजादनगर थाना पुलिस ने मशक्कत के बाद जाम खुलवाया।
बिहार के कटिहार थाने के गोपालगंज निवासी व्यास यादव दिल्ली में रहकर टैंकर चलाता था। कुछ दिन पहले कैंटर चालक सामान लेकर लखनऊ गया था। गुरुवार देर रात दिल्ली वापस जाते समय शहजादनगर थाना क्षेत्र के उदयराज की मडै़या गांव के पास हाईवे पर आगे चल रहे ट्रक से भिड़ंत हो गई, जिससे कैंटर चालक व्यास यादव उसमें बुरी तरह से फंस गया था।
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। वहां पर मौजूद लोगों ने चालक को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत की। काफी देर बाद चालक व्यास को बाहर निकाला जा सका। इतने में चालक ने दम तोड़ दिया था।
हादसे के बाद करीब एक घंटे तक हाईवे बाधित रहा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसको पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। बाद में किसी तरह से डीसीएम को एक किनारे लगवाया, फिर कही जाकर जाम खुल सका। उसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।